Friday, March 23, 2018

बकैती के डकैत...

'बकैती के डकैत' कुछ अलगे प्रजाति के प्राणी होते हैं। नितांत आत्मकेंद्रित। मैं मैं और सिर्फ मैं। बात की शुरू में भी 'मैं' और अंत में भी सिर्फ 'मैं' ही 'मैं'।

इन दिनों ऐसे बकैतों का आतंक फिदायिन हमलावरों से भी अधिक है। कइयों की रूह काँपने लगती है। लोग इनकी आहट पाते ही राह बदल लेते हैं। और जो सामने पड़ जाये वे बहाने बना निकलने की जद्दोजहद करने लगते हैं।

लेकिन, फिर भी ये बकैत आसानी से हार नहीं मानते। किसी न किसी बकरे को फाँस ही लेते है। फिर ऐसे बोलते हैं जैसे पुरानी कब्ज़ की मर्ज़ में रोगी को कायम चूर्ण खाने से राहत मिली हो। तीन-चार घंटे लगातार बर्र बर्र बर्र बर्र...।

'मैं' रूपी मय के नशे से धुत ये अहम् ब्रह्मास्मि के निकट पहुँच जाते हैं। इन्हें अकसर दुनिया का सबसे काबिल इंसान होने का गुमान होता है। सामने वाले को हमेशा मूर्ख समझना इस समुदाय की सबसे बड़ी ख़ासियत होती है। कई दफ़े डकैतों की गोली और बकैतों की बोली एक सी लगने लगती है। बोल-बोल के मार ही डालते हैं। सामने वाला शख़्स निरीह प्राणी सा हूँ, हाँ के अलावा कुछ बोलने का अवसर ही नहीं पाता। लंबी-लंबी फेंकना इनकी आदतों में शुमार होता है। इन बकैतों को ये भी याद नहीं होता कि किससे क्या फेंके हैं?

किन्तु, इस प्रजाति के जंतु प्रायः अकेले ही पाये जाते हैं। एक रिसर्च में पाया गया कि दो बकैत एक साथ नहीं रह सकते। क्योंकि, दोनों फेंकने के आदी होते हैं। फेंकने के दौरान 'मैं बड़ा वाला...' या 'मैं बड़ा वाला...' की जुबानी जंग छिड़ जाती है। सुनने का धैर्य इस प्रजाति के किसी प्राणी में होता ही नहीं जिसके चलते दोनों में लड़ाई हो जाती है।

मानवता इनके आतंक से कराह रही है। सरकार को इन बकैतों के आतंक से निपटने के लिए यूपीकोका सरीखा कोई कड़ा कानून बनाना चाहिये।

(इन बकैतों को तनिक भी एहसास नहीं होता कि वे कितने बड़े  बकैत बन चुके हैं।)